परस साहू बालोद
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बालोद जिले में स्वच्छता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न शासकीय संस्थानों और सार्वजनिक परिसरों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अधिकारी-कर्मचारियों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं।
विभिन्न शासकीय संस्थानों में की गई साफ-सफाई
अभियान के तहत जनपद पंचायत डौंडी लोहारा, नगर पंचायत गुंडरदेही, जनपद पंचायत बालोद, जनपद पंचायत गुरुर सहित जिले के विभिन्न जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों में स्वच्छता कार्य किया गया। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों एवं शासकीय भवनों के परिसरों की साफ-सफाई कर स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।
विद्यालयों और स्वास्थ्य संस्थानों में भी स्वच्छता पर जोर
स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय मंगचुआ, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरथूली तथा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला आमापारा सहित विभिन्न विद्यालयों में स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गईं। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने परिसर की साफ-सफाई में सहभागिता निभाई। इसी क्रम में जिला अस्पताल बालोद में भी स्वच्छता अभियान चलाकर अस्पताल परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने पर जोर दिया गया।
विभागीय कार्यालयों में भी निभाई जिम्मेदारी
उद्यानिकी विभाग एवं मत्स्य पालन विभाग सहित विभिन्न शासकीय विभागों के परिसरों में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कार्यालय परिसर, आसपास के क्षेत्र और सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई की गई।
‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना से जनभागीदारी को बढ़ावा
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में स्वच्छता को केवल एक दिन की गतिविधि न मानकर इसे नियमित व्यवहार का हिस्सा बनाने का संदेश दिया जा रहा है। विभिन्न शासकीय संस्थानों में आयोजित स्वच्छता गतिविधियों से ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना को बढ़ावा मिला और स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित वातावरण के निर्माण में सामूहिक सहभागिता सुनिश्चित की गई।
