Skip to main content

PATRIKA24x7

विकसित ग्राम पंचायत प्लान’ का जिला स्तरीय कार्यशाला संपन्न जिला पंचायत सीईओ ने दिए एकीकृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश।

परस साहू बालोद

बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं योजनाओं के अभिसरण से गांवों को बनाया जाएगा आत्मनिर्भर, अधिकारियों को मिला तकनीकी प्रशिक्षण।

जिला पंचायत बालोद के सभाकक्ष में आज वीबी जीरामजी अंतर्गत ‘विकसित ग्राम पंचायत प्लान’ (वीजीपीपी) के निर्माण के संबंध में एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी ने की। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले की सभी ग्राम पंचायतों के सर्वांगीण एवं सतत् विकास के लिए एक सृदृढ़ व प्रभावी कार्ययोजना (विजन प्लान) तैयार करना है।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सीईओ चंद्रवंशी ने बताया कि विकसित ग्राम पंचायत प्लान के तहत श्रम एवं सामग्री के 60ः40 अनुपात को भली-भांति समायोजित करते हुए ग्रामीण अंचलों में अधोसंरचनात्मक विकास को गति दी जाएगी।

इसके अंतर्गत गांवों में शुद्ध पेयजल, पक्की सड़कें, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और डिजिटल कनेक्टिविटी जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीणों की आजीविका के साधनों में वृद्धि करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने की समग्र रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने उपस्थित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं को समाहित करते हुए एक एकीकृत (इंटीग्रेटेड) विकास योजना तैयार करें, जिसमें स्थानीय आवश्यकताओं और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

सीईओ ने लाइन डिपार्टमेंट के अधिकारियों को शासन की सभी हितग्राहीमूलक योजनाओं को आपस में कन्वर्जेंस (अभिसरण) करने पर विशेष बल दिया, जिससे ग्रामीणों को गांव स्तर पर ही रोजगार और सशक्त आजीविका के बेहतर विकल्प प्राप्त हो सकें। कार्यशाला में जिला पंचायत के सहायक परियोजना अधिकारी एवं प्रोग्रामर द्वारा वीजीपीपी, ग्राम पंचायत स्तर पर योजना तैयार करने के तौर-तरीके, वाटर बजट तथा संबंधित तकनीकी व ऑनलाइन प्रक्रियाओं के संबंध में प्रतिभागियों को विस्तृत प्रशिक्षण एवं तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। समापन अवसर पर अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी पारदर्शिता और तेजी के साथ लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए।

कार्यशाला में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) के कार्यपालन अभियंता, अनुविभागीय अधिकारी (आरईएस), तकनीकी समन्वयक, जनपद पंचायतों के कार्यक्रम अधिकारी, सहायक प्रोग्रामर, तकनीकी सहायक तथा विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!