परस साहु बालोद
दिशा समिति की बैठक में योजनाओं की समीक्षा की
दिशा समिति के अध्यक्ष भोजराज नाग ने अधिकारियों से पारदर्शिता और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने कहा
संयुक्त जिला कार्यालय स्थित सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष एवं सांसद भोजराज नाग ने की। लगभग छह से सात घंटे चली मैराथन बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी और विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, सभी जनपद अध्यक्ष सहित कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष के अलावा वरिष्ठ जनप्रतिनिधिगण एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा जिला स्तरीय दिशा समिति की बैठक का संचालन कर रही हैं। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, समिति सदस्यों और अधिकारियों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया।
दिशा समिति की समीक्षा बैठक में कलेक्टर मिश्रा ने जानकारी दी कि आज की इस समीक्षा बैठक में कुल 37 विषय हैं, जिन पर दिशा समिति के अध्यक्ष की उपस्थिति व अध्यक्षता में विभागवार विस्तृत समीक्षा की जाएगी। उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित एजेंडा और उपलब्धियों की सटीक एवं बिंदुवार जानकारी प्रस्तुत करें।
योजनाओं की जानकारी समय पर और स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश
बैठक में भोजराज नाग ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासकीय योजनाओं से संबंधित जानकारी स्पष्ट, पूर्ण और पारदर्शी रूप से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सही जानकारी समय पर प्रस्तुत होना जरूरी है। उन्होंने दिशा समिति की बैठक से कम से कम तीन से चार दिन अथवा एक सप्ताह पहले संबंधित जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि जनप्रतिनिधिगण योजनाओं की प्रभावी समीक्षा कर सकें।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
समिति के अध्यक्ष नाग ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप केन्द्र शासन और राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का वास्तविक लाभ आम जनता तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने जिला खनिज न्यास निधि सहित विभिन्न विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने तथा आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।
ग्रामीण विकास और आवास योजनाओं की समीक्षा
बैठक में ग्रामीण विकास, रोजगार एवं आजीविका से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की गई। विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की प्रगति पर चर्चा हुई। अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने, स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वावलंबी बनाने तथा अपूर्ण आवासों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
किसानों की आय बढ़ाने और आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने पर जोर
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और पीएम-किसान योजना की प्रगति की जानकारी ली गई। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के माध्यम से किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने तथा मृदा स्वास्थ्य कार्ड और ई-राष्ट्रीय कृषि बाजार के माध्यम से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने पर जोर दिया गया। जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए गए।
हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के निर्देश
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की समीक्षा में जल जीवन मिशन की प्रगति पर चर्चा की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक घर तक नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल पहुंचाने की व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए। जल संरक्षण के लिए जल शक्ति अभियान-कैच द रेन और जल संचय जन-भागीदारी के कार्यों को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
स्वास्थ्य, पोषण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा
स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मिशन सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0 की प्रगति की जानकारी ली गई। जिले में कुपोषण उन्मूलन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा तथा टीबी उन्मूलन अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और जरूरतमंद लोगों को राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम का समय पर लाभ दिलाने पर भी विशेष ध्यान देने कहा गया।
सड़क, शिक्षा और डिजिटल सेवाओं को मजबूत करने पर चर्चा
बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने की प्रगति की समीक्षा की गई। समग्र शिक्षा और पीएम पोषण योजना के तहत स्कूलों की स्थिति तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे पोषण आहार की गुणवत्ता की जानकारी ली गई। डिजिटल इंडिया और भारतनेट के माध्यम से ग्राम पंचायतों तक डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
हर तीन माह में नियमित बैठक आयोजित करने के निर्देश
बैठक के दौरान दिशा समिति की बैठकें निर्धारित नियमों के अनुसार प्रत्येक तीन माह में नियमित रूप से आयोजित करने पर जोर दिया गया, ताकि शासकीय योजनाओं की निरंतर निगरानी और समीक्षा हो सके। अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, समयबद्धता और बेहतर अंतर-विभागीय समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में समिति के अध्यक्ष भोजराज नाग ने अधिकारियों से सकारात्मक दृष्टिकोण और सेवा भाव के साथ जनहित के कार्यों को गति देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में बेहतर कार्य कर रहा है। नाग ने जिले में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों के लिए कलेक्टर मिश्रा और उनकी प्रशासनिक टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याण का लाभ पहुंचाना है।
