Skip to main content

PATRIKA24x7

*चैतन्य देवियों की झांकी के पांचवें दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, राजयोग से आत्मशक्ति जागृत करने का दिया संदेश।

परस साहु बालोद

बालोद। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, आत्मज्ञान भवन आमापारा, बालोद में नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित चैतन्य देवियों की झांकी के पांचवें दिन गणमान्य अतिथियों ने पहुंचकर झांकी का अवलोकन किया तथा आध्यात्मिक संदेशों को जाना। इस अवसर पर भ्राता यज्ञदेव पटेल , उत्तम साहू ब्यूरो चीफ, जितेन्द्र साहू ब्यूरो चीफ पीपुल्स समाचार , टीकम पिपरिया ब्यूरो चीफ पहुना, हंसराज साहू संवाददाता, नई दुनिया एवं बी.के. विजयलक्ष्मी दीदी उपस्थित रहीं।

यज्ञदेव पटेल ने नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी धर्मग्रंथों में ईश्वर को सत्य और निराकार बताया गया है। यदि मनुष्य अपने मन को नियंत्रित करना सीख जाए, तो वह धीरे-धीरे अपने विकारों से दूर हो सकता है। जब आत्मा का योग परमात्मा से जुड़ जाता है, तब जीवन सार्थक बन जाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पाप और नकारात्मकता बढ़ती जा रही है। ऐसे समय में ब्रह्माकुमारी बहनें समाज को आध्यात्मिक ज्ञान और राजयोग के माध्यम से सतयुगी संस्कारों की ओर ले जाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

टीकम पिपरिया ने कहा कि ब्रह्माकुमारी दीदियां जीवन से जुड़े अनेक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जीवन की वास्तविकता से परिचित कराती हैं। वे समझाती हैं कि जन्म और मृत्यु के बीच मिले इस जीवन को किस प्रकार श्रेष्ठ कर्मों, आध्यात्मिक ज्ञान और धर्म के मार्ग पर चलते हुए सार्थक बनाया जा सकता है। ऐसे कार्यक्रम मनुष्य को आत्मचिंतन करने और अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की प्रेरणा देते हैं।

इस अवसर पर बी.के. विजयलक्ष्मी दीदी ने राजयोग का महत्व समझाते हुए कहा कि मनुष्य की पांचों कर्मेंद्रियां पांच घोड़ों के समान हैं। यदि इन पर नियंत्रण न हो, तो ये मनुष्य को अलग-अलग दिशाओं में भटकाती हैं। लेकिन जब व्यक्ति राजयोग का अभ्यास करता है, तो उसकी कर्मेंद्रियां संयमित होकर सही दिशा में कार्य करने लगती हैं। इस प्रकार आत्मानुशासन और श्रेष्ठ कर्मों के माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन को श्रेष्ठ बना सकता है।

दीदी ने आगे बताया कि राजयोग के अभ्यास से आत्मा परमात्मा से शक्ति प्राप्त करती है। जब मनुष्य अपने भीतर के क्रोध, अहंकार, लोभ, मोह और ईर्ष्या जैसे विकारों पर विजय प्राप्त कर शांति, प्रेम, पवित्रता, ज्ञान एवं सद्भावना जैसे दिव्य गुणों को धारण करता है, तब उसका जीवन शिवशक्ति के गुणों से संपन्न होने लगता है। यही गुण देवी स्वरूपों के माध्यम से समाज को प्रेरणा देते हैं।

पांच देवियों के स्वरूप का आध्यात्मिक संदेश

दीदी ने पांचों देवियों के स्वरूपों का महत्व बताते हुए कहा कि प्रत्येक देवी किसी न किसी दिव्य गुण की प्रतीक हैं

मां दुर्गा साहस एवं शक्ति की देवी।

मां लक्ष्मी धन-धान्य एवं समृद्धि की देवी।

मां सरस्वती ज्ञान एवं सद्गुणों की देवी।

मां काली नकारात्मकता और विकारों का नाश करने वाली देवी।

मां उमा उमंग, उत्साह एवं पवित्रता की प्रेरणा देने वाली देवी।

उन्होंने कहा कि देवी-देवताओं की पूजा करने के साथ-साथ उनके गुणों को अपने जीवन में अपनाना भी आवश्यक है। राजयोग ऐसा माध्यम है, जिसके अभ्यास से आत्मा अपनी आंतरिक शक्तियों को पहचानकर जीवन में श्रेष्ठता ला सकती है।

दीदी ने सतयुग की स्थापना के संदर्भ में कहा कि परिवर्तन की शुरुआत स्वयं से होती है। कलियुग के वातावरण को बदलने और सतयुगी संस्कारों को अपनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने विचारों, कर्मों और व्यवहार को श्रेष्ठ बनाना होगा। जब हम स्वयं में सकारात्मक परिवर्तन लाने का पुरुषार्थ करेंगे, तभी समाज में भी सकारात्मक परिवर्तन आएगा।

अंत में उन्होंने सभी नगरवासियों से आह्वान किया कि वे राजयोग शिविर में भाग लेकर आत्मा, परमात्मा तथा सृष्टि चक्र के आदि, मध्य और अंत का ज्ञान प्राप्त करें और अपने जीवन को शांति, सुख एवं सद्भावना से परिपूर्ण बनाएं।

चैतन्य देवियों की झांकी के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति के साथ आत्मज्ञान, राजयोग और जीवन में दिव्य गुण धारण करने का संदेश दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!