Skip to main content

PATRIKA24x7

विजयादशमी पर मेंढ़की में मां दुर्गा एवं जोत-जवारा की विसर्जन शोभायात्रा श्रद्धा, भक्ति और गाजे-बाजे, जसगीत और माता के जयकारों से पूरा गांव भक्तिमय हो गया।

परस साहु बालोद

जिला मुख्यालय से 3 किलोमीटर दूर मेढकी ग्रामीणों ने घर-घर मां दुर्गा और जोत-जवारा की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा माता को भावभीनी विदाई दी। वहीं, क्वांर नवरात्रि विजयादशमी के अवसर पर ग्रामवासियों की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण किया। विसर्जन शोभायात्रा को लेकर गांव में दिनभर उत्सव जैसा माहौल रहा। ग्रामीणों ने अपने कामकाज बंद रखकर धार्मिक आयोजन में भाग लिया। मां दुर्गा की प्रतिमा को ट्रैक्टर में विराजित किया गया था। ट्रैक्टर के आगे जोत-जवारा, डांग-डोरी और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ माता सेवा मंडली के सदस्य जसगीत गाते हुए चल रहे थे। वहीं, दर्जनों श्रद्धालु माता की भक्ति में लीन होकर झूमते नजर आए। भक्तों की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था।

भक्ति में लीन श्रद्धालु झूमते हुए पहुंचे तालाब तक

शोभायात्रा के दौरान कई श्रद्धालु माता की भक्ति में लीन होकर झूमने लगे। ऐसी स्थिति में ग्राम के बैगा द्वारा हुम-धूप देकर उन्हें शांत कराया गया। कुछ श्रद्धालु मां दुर्गा के सामने झूमते हुए तालाब तक पहुंचे, जहां उन्हें शांत कराया गया। इसके बाद मां दुर्गा की प्रतिमा को पूरे गांव में भ्रमण कराने के पश्चात जयकारों के बीच तालाब तक ले जाया गया। यहां पंडित द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की गई। धार्मिक अनुष्ठान के बाद मां दुर्गा की प्रतिमा एवं जोत-जवारा का विसर्जन किया गया। विजयादशमी की सुबह ग्राम के बैगा और ग्रामीणों ने गांव में स्थापित देवी-देवताओं की विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान जोत-जवारा और श्रीफल अर्पित कर गांव की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।

हनुमान मंदिर के सामने एक साथ बैठकर ग्रामीणों ने ग्रहण किया प्रसाद 

ग्राम मेंढ़की में नवरात्रि पर्व के समापन पर समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। मंगलवार की रात हनुमान मंदिर के सामने महिला, पुरुष और बच्चों ने कतारबद्ध होकर एक साथ बैठकर भोजन प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।गांव में सामूहिक भंडारे की परंपरा और आपसी एकता का अनूठा दृश्य देखने को मिला। इस दौरान पूरे गांव में किसी भी घर में चूल्हा नहीं जला। सभी ग्रामीणों ने एक साथ बैठकर भोजन किया और मां दुर्गा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। धार्मिक आयोजन ने गांव में सामाजिक सद्भाव, सामूहिक सहभागिता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!