Skip to main content

PATRIKA24x7

चक्रवात ‘अर्नब’ भी नहीं रोक सका पोषण आहार वितरण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचाया सूखा राशन।

परस साहु बालोद

कलेक्टर मिश्रा के निर्देशानुसार बच्चों के पोषण को सर्वोच्च प्राथमिकता, खराब मौसम में भी जारी रही हितग्राहियों तक राशन पहुंचाने की पहल।

चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव के बीच भी जिले में प्रशासन द्वारा बच्चों और महिलाओं के पोषण की व्यवस्था प्रभावित नहीं होने दी गई। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के संवेदनशील नेतृत्व एवं उनके निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास विभाग ने पोषण आहार वितरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने खराब मौसम की परिस्थितियों में भी हितग्राहियों के घर-घर पहुंचकर सूखा राशन वितरित किया, ताकि बच्चों को पोषण आहार मिलने में किसी प्रकार की बाधा न आए।

मौसम की चुनौती के बीच घर-घर पहुंचा राशन

चक्रवात के कारण मौसम प्रभावित होने की आशंका के बीच आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने अपनी जिम्मेदारी पूरी तत्परता से निभाई। जिले के छिंदगांव, कुमुड़कट्टा, कुंजकन्हार, ढोर्रीठेमा और धोबनी सहित अनेक गांवों में हितग्राहियों को सूखा राशन वितरित किया गया। इस पहल से प्रतिकूल मौसम के दौरान भी पोषण आहार पहुंचाने की व्यवस्था अनवरत जारी रही।

बच्चों के पोषण से नहीं होने दिया समझौता

बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए नियमित और पर्याप्त पोषण जरूरी है। विशेषकर आपदा और खराब मौसम जैसी परिस्थितियों में बच्चों एवं अन्य पात्र हितग्राहियों तक पोषण आहार पहुंचाना महत्वपूर्ण हो जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने पोषण सेवाओं की निरंतरता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, ताकि परिस्थितियां कैसी भी हों, हितग्राहियों को आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रहें।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की भूमिका रही सराहनीय

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने घर-घर जाकर सूखा राशन वितरित कर सेवा भावना और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। उनका यह प्रयास शासन की पोषण संबंधी योजनाओं को जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण रहा।

चक्रवात ‘अर्नब’ के दौरान पोषण आहार वितरण जारी रखना जिला प्रशासन की संवेदनशीलता और जमीनी स्तर पर कार्यरत अमले की सक्रियता का उदाहरण है। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार बच्चों के पोषण को प्राथमिकता देते हुए किए गए इन प्रयासों से यह संदेश स्पष्ट है कि विपरीत परिस्थितियों में भी जनकल्याणकारी सेवाओं की निरंतरता बनाए रखना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!