Skip to main content

PATRIKA24x7

राज्योत्सव में सांसद भोजराज नाग ने किया ‘बिटिया@वर्क’ अभियान का शुभारंभ, छात्राओं को मिला प्रशासनिक कार्यप्रणाली समझने का अवसर।

परस साहु बालोद

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने छात्राओं को शिक्षा, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने किया प्रेरित, बेटियों ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से किया सीधा संवाद

बालिकाओं को शिक्षा के साथ रोजगार, करियर और विभिन्न कार्यक्षेत्रों की संभावनाओं से परिचित कराने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ’बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत जिले में ‘बिटिया@वर्क’ अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह के अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांकेर सांसद भोजराज नाग ने गुब्बारे छोड़कर इस अभियान का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और भविष्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है।

अभियान के अंतर्गत जिला कार्यक्रम अधिकारी के नेतृत्व में छात्राओं को संयुक्त जिला कार्यालय का भ्रमण कराया गया। इस दौरान छात्राओं ने कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण से मुलाकात कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली, शासकीय सेवाओं और विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

कलेक्टर ने छात्राओं को बड़े सपने देखने और लक्ष्य निर्धारित करने किया प्रेरित

इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि बालिकाओं को अपने जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए। शिक्षा आत्मनिर्भरता और सफलता का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, नई चीजें सीखने तथा अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार करियर चुनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज बालिकाओं के लिए प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध हैं। दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और निरंतर प्रयास से वे अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।

पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने भी छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें अनुशासन, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की सलाह दी। इस अवसर पर छात्राओं ने अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

प्रशासनिक कार्यप्रणाली से रूबरू हुईं छात्राएं

भ्रमण के दौरान छात्राओं ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य एवं हरिवंश सिंह मिरी से भी मुलाकात की। अधिकारियों ने छात्राओं को विभिन्न विभागों के कामकाज, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक जिम्मेदारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक सेवाओं के साथ शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, उद्यमिता और अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में भी बालिकाओं के लिए आगे बढ़ने की अनेक संभावनाएं हैं।

भ्रमण के दौरान छात्राओं को अधिकारियों द्वारा ‘बिटिया@वर्क’ अभियान के उपहार स्वरूप कप एवं टी-शर्ट प्रदान किए गए। साथ ही साथ कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में उनके लिए स्वल्पाहार एवं भोजन की व्यवस्था भी की गई।

बालिकाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की पहल

‘बिटिया@वर्क’ अभियान के माध्यम से छात्राओं को वास्तविक कार्यस्थल का अनुभव प्रदान कर उन्हें विभिन्न करियर विकल्पों और रोजगार के अवसरों से परिचित कराया जा रहा है। इससे बालिकाओं में निर्णय लेने की क्षमता, नेतृत्व कौशल और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने में मदद मिलेगी।

महिला एवं बाल विकास विभाग की यह पहल ’बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के उद्देश्यों को आगे बढ़ाते हुए बालिकाओं को शिक्षा, समान अवसर और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!