बालोद।
बालोद,,रोशनी और खुशियों का पर्व दीपावली बालोद जिले में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर से लेकर गांवों तक घर-घर दीपों की रोशनी से जगमगा उठे। लोगों ने विधि-विधान से मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की। घरों और प्रतिष्ठानों में आकर्षक सजावट की गई तथा दीप जलाकर मां लक्ष्मी का स्वागत किया गया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने उत्साह के साथ दीपावली का पर्व मनाया। वहीं दीपावली के साथ ही जिले में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपरा गौरा-गौरी पर्व की भी विशेष धूम रही।
दीपावली की रात मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना के बाद भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह उत्सव के रूप में गौरा-गौरी विवाह की परंपरा निभाई गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण इस पारंपरिक विवाह के साक्षी बने। चार दिनों तक विवाह की विभिन्न रस्में निभाई गईं। परंपरा के अनुसार गांव के तालाब से लाई गई कुंवारी मिट्टी से गौरा-गौरी की प्रतिमाएं बनाई गईं। इसके बाद गौरा पक्ष की ओर से ग्रामीण बारात लेकर गौरी के घर पहुंचे, जहां गौरी पक्ष के लोगों ने बारात का स्वागत किया। महिलाओं ने पारंपरिक गौरा-गौरी गीत गाकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कलश यात्रा और दूधफरा प्रसाद ने बढ़ाई पर्व की रौनक
गौरा-गौरी पर्व के दौरान कुंवारी लड़कियों ने सिर पर कलश रखकर मोहल्ले और गांवों का भ्रमण किया। टोकरीनुमा कलश में दूध में उबाले गए चावल के आटे से तैयार पारंपरिक प्रसाद दूधफरा रखा गया, जिसे गौरा-गौरी को भोग लगाया गया। दूसरे दिन ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया। विवाह की रस्में पूरी होने के बाद गौरा-गौरी को गौरा चौरा में स्थापित किया गया।
शहर से गांव तक निकली विसर्जन शोभायात्रा
बालोद शहर सहित आसपास के गांवों में भी गौरा-गौरी पर्व की धूम रही। सोमवार को विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमाओं की विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। पारंपरिक गड़वा बाजा की धुन और गौरा-गौरी गीतों के बीच ग्रामीण नाचते-गाते शामिल हुए। इस दौरान ग्रामीणों और बैगाओं ने पारंपरिक सोंटा भी लिया। आदिवासी बहुल क्षेत्रों में इस पर्व को विशेष महत्व दिया जाता है। यह आयोजन छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, सामाजिक एकता और परंपराओं का प्रतीक है।
आज घर-घर होगी गोवर्धन पूजा
दीपावली के तीसरे दिन मंगलवार को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में गोवर्धन पूजा की भी धूम रहेगी। रावत और ठेठवार समाज के लोग डांग-डोरी लेकर पारंपरिक दोहे गाते और नृत्य करते हुए गलियों से गुजरेंगे। इसके बाद गौठान स्थित साहड़ा देव में गोवर्धन पर्वत और गाय-बछड़े की पूजा-अर्चना की जाएगी। परंपरा के अनुसार बछड़े को गोबर पर चलाया जाएगा और ग्रामीण उसी गोबर का तिलक लगाकर एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देंगे।धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर इंद्र के अहंकार का मर्दन किया था। इसके माध्यम से उन्होंने गौधन और पर्यावरण के संरक्षण का संदेश दिया था। इस तरह बालोद जिले में दीपावली का पर्व मां लक्ष्मी की आराधना, गौरा-गौरी विवाह और गोवर्धन पूजा जैसी परंपराओं के साथ धार्मिक आस्था और लोक संस्कृति के रंग में सराबोर नजर आ रहा है।
