Skip to main content

PATRIKA24x7

*मातर उत्सव में दिखी छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपरा की झलक,नप अध्यक्ष प्रमोद जैन हुए शामिल : अतिथियों ने सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संदेश।*

परस साहू बालोद

युवा शक्ति एवं वृन्द नवदुर्गा उत्सव समिति रामसागर पारा, गुण्डरदेही द्वारा मातर उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि समाजसेवी तिमिरेंद्रु शेखर कंवर, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन, उपाध्यक्ष विजय सोनकर सहित पार्षद संतोष नेताम, शंकर यादव, लोकेश्वरी यादव, शैल महोबिया, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष के.के. राजू चंद्राकर, कोमल सोनकर, सुभाष चंद्राकर, सुरेश सोनी, भारत साहू सहित बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।

इस अवसर पर अतिथियों ने मातर पर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मातर छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा और ग्रामीण जीवन से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पारंपरिक पर्व है। यह विशेष रूप से यादव समाज की आस्था, परंपरा और गौरव का प्रतीक है।

नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि मातर पर्व दीपावली के बाद बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण एवं गौवंश की पूजा-अर्चना की जाती है। यादव समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा धारण कर राउत नाचा प्रस्तुत करते हैं। ढोल, नगाड़े, मोहरी एवं पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर पूरा वातावरण उत्साह और उमंग से भर जाता है।

उन्होंने कहा कि मातर केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, हमारी पहचान और पीढ़ियों से चली आ रही विरासत है। यह पर्व हमें पशुधन के महत्व, प्रकृति के प्रति सम्मान और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी लोककला, लोकगीत, लोकनृत्य और परंपराओं से है। इसलिए हम सभी की जिम्मेदारी है कि अपनी सांस्कृतिक धरोहरों को केवल उत्सव तक सीमित न रखें, बल्कि आने वाली पीढ़ियों तक भी पहुंचाएं।

उन्होंने कहा कि “हमारी संस्कृति हमारी पहचान है, हमारी परंपराएं हमारा अभिमान हैं। मातर जैसे त्योहार हमारी छत्तीसगढ़ी अस्मिता को जीवित रखते हैं।” साथ ही उन्होंने सभी नगरवासियों को मातर पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

*साथ ही मातर उत्सव हेतु मंच एवं शेड के निर्माण की घोषणा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन द्वारा किया गया था जो कि बन के तैयार हो गया था उसका उद्घाटन भी किया गया।*

कार्यक्रम के दौरान रात्रिकालीन रंगारंग सांस्कृतिक आयोजन भी हुआ, जिसमें ‘मयारू दावना’ की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम का नगरवासियों ने भरपूर आनंद लिया। पूरे आयोजन में उत्साह, उल्लास और छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति की सुंदर छटा देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!