धमतरी से ढाल साहू की खास रिपोर्ट।
*धमतरी, 31 जुलाई 2025/— नगर पालिक निगम धमतरी की आयुक्त प्रिया गोयल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय में सौर ऊर्जा को जन-जन तक पहुँचाने हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में चेम्बर ऑफ कॉमर्स, राइस मिल एसोसिएशन, डॉक्टर्स एसोसिएशन, सर्राफा व्यापारी संघ सहित जिले के प्रमुख सोलर वेंडर्स एवं अधिकारी उपस्थित रहे।*
*बैठक का उद्देश्य प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक नागरिकों को रूफटॉप सोलर सिस्टम से जोड़ना, शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता फैलाना तथा शासन की ओर से दी जा रही सब्सिडी एवं वित्तीय सहायता की जानकारी आमजन तक पहुँचाना था।*
*बैठक में बताया गया कि अब तक धमतरी जिले में 151 उपभोक्ताओं द्वारा सोलर सिस्टम स्थापित किया जा चुका है, जिससे उनके मासिक बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है। उपस्थित अधिकारियों और संगठनों ने इस दिशा में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता जताई।*
*आयुक्त गोयल ने सभी संगठनों से आह्वान किया कि वे नागरिकों को प्रोत्साहित करने हेतु शिविर, प्रदर्शनियाँ और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें, जिससे हर घर सोलर युक्त बन सके और जिले को हरित ऊर्जा की दिशा में अग्रणी बनाया जा सके।*
*इसी क्रम में आज महालक्ष्मी ग्रीन कॉलोनी में प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक शिविर आयोजित किया गया, जिसमें कॉलोनी के प्रत्येक घर में जाकर पंपलेट वितरित किए गए एवं योजना की जानकारी दी गई। शिविर में 17 लोगों ने प्रत्यक्ष रूप से जानकारी प्राप्त की तथा तीन उपभोक्ताओं ने तत्काल सोलर सिस्टम हेतु पंजीयन करवाया।*
*बैठक में विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता अनिल प्रसाद सोनी ने सभी सम्माननीय उपभोक्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में सोलर सिस्टम स्थापित कर योजना का लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर सहायक अभियंता बी.एल. सिन्हा एवं कनिष्ठ अभियंता एस.एन. देवांगन भी उपस्थित रहे।*

