PATRIKA24x7

हर घर तिरंगा कलेक्टर ने ग्राम बघमरा में महिलाओं द्वारा बनाए जा रहे तिरंगा झंडा के कार्य का लिया जायजा।

लीलाधर साहू

गुण्डरदेही।

सराहनीय कार्य की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

कलेक्टर ने जिलेवासियों को हर घर तिरंगा अभियान के
तहत अपने घरों में तिरंगा झण्डा लगाने की अपील।

स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में, पूरे देश में ’हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान को सफल बनाने में स्थानीय महिला स्वसहायता समूह भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसी क्रम में, बालोद जिले की कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने आज बालोद विकासखण्ड के ग्राम बघमरा का दौरा कर स्वसहायता समूह की महिलाओं के द्वारा तैयार किए जा रहे तिरंगे झण्डे के निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर ने वहाँ स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे तिरंगा झंडों के कार्य का अवलोकन कर ध्वज की गुणवत्ता के साथ-साथ स्व सहायता समूह की महिलाओं के इस सराहनीय कार्य की भूरी-भूरी सराहना की।

उल्लेखनीय है कि ग्राम बघमरा में जय कपीलेश्वर महिला स्व सहायता समूह, सरस्वती स्व सहायता समूह, जय अंबे स्व सहायता समूह एवं नव ज्योति स्व सहायता समूह की महिलाओं के द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का निर्माण किया जा रहा है। इस दौरान कलेक्टर मिश्रा ने स्व सहायता समूह की महिलाओं से अब तक तैयार किए गए कुल झंडो की संख्या, बिक्री एवं इससे होेेने वाली आमदनी के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने उनके इस कार्य की कुल लागत आदि के संबंध में भी जानकारी ली।

इस दौरान कलेक्टर एवं अधिकारियों ने स्व सहायता समूह की महिलाओं के द्वारा तैयार किए गए ध्वज के गुणवत्ता का भी अवलोकन किया। तिरंगे के निर्माण में लगे स्व सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि ग्राम बघमरा में 04 स्व सहायता समूहों की 20 महिलाओं द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा झंडा बनाने में दिन-रात जुटी हुई हैं। इनके द्वारा अब तक 6,000 से अधिक तिरंगे तैयार किए जा चुके हैं, जिन्हें 35 रुपये प्रति झंडे की दर से बेचकर इन्होंने लगभग 2 लाख रुपये की आमदनी अर्जित की है।

यह राशि न केवल उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही है, बल्कि गाँव की अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दे रही है। कलेक्टर मिश्रा ने स्व सहायता समूह के महिलाओं द्वारा किए जा रहे तिरंगा निर्माण के कार्य को अत्यंत सराहनीय एवं सभी के लिए प्रेरणा स्त्रोत बताया। उन्होंने कहा कि उनका यह कार्य राष्ट्र भक्ति के साथ-साथ स्वालंबन एवं आत्मनिर्भरता से भी जुड़ी हुई है। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जेएस राजपूत सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!