लीलाधर साहू
गुण्डरदेही।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले के ग्राम टेकापार के निवासी रमेश उइके ने अपने घर की छत पर 03 किलोवाट का सौर सिस्टम स्थापित करवाया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इस पहल ने न केवल उनके बिजली बिल को शून्य कर दिया है, बल्कि उन्हें ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाकर एक नए युग की शुरुआत की है। रमेश कुमार उइके ने बताया कि पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल काफी अधिक आता था, जो उनके लिए आर्थिक बोझ का कारण बनता था।
लेकिन, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के बारे में जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अपने घर पर सोलर सिस्टम लगवाने का निर्णय लिया। 03 किलोवाट के सौर सिस्टम की स्थापना के बाद न केवल उनकी बिजली की जरूरतें पूरी हो रही हैं, बल्कि अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजकर वे अब ऊर्जा उत्पादक की भूमिका निभा रहे हैं। रमेश उइके ने उत्साह के साथ कहा कि यह योजना मेरे लिए वरदान साबित हुई है। अब मेरा बिजली बिल शून्य हो गया है, और मैं अतिरिक्त बिजली बेचकर कुछ आय भी अर्जित कर रहा हूँ।
यह शासन की बहुत ही प्रशंसनीय पहल है। उन्होंने इस योजना को आम लोगों को ऊर्जादाता बनाने की क्रांतिकारी पहल करार दिया है। उन्होंने कहा कि पहले हम बिजली के उपभोक्ता थे, लेकिन अब हम ऊर्जा का उत्पादन कर रहे हैं। यह शासन की दूरदर्शी सोच है, जो न केवल हमारी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही है, बल्कि पर्यावरण को भी स्वच्छ बना रही है। उन्होंने अपने गांव और आसपास के लोगों से अपील की कि वे इस योजना का लाभ उठाएं और अपने घरों पर सौर सिस्टम स्थापित करें। यह न केवल आपके बिजली बिल को कम करेगा, बल्कि आपको आत्मनिर्भर भी बनाएगा।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य देश के हर घर को स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा उपलब्ध कराना है। इस योजना के तहत घरों की छतों पर सौर पैनल स्थापित किए जाते हैं, जिससे बिजली का उत्पादन होता है। यह न केवल बिजली बिल को कम करता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देता है। योजना के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाले केन्द्र सरकार और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में राज्य सरकार द्वारा सब्सिडी प्रदान की जाती है, जिससे सौर सिस्टम लगवाने की लागत कम हो जाती है।
रमेश उइके ने योजना की सराहना करते हुए कहा कि वास्तव में यह एक दूरदर्शी योजना है, जो न केवल आम उपभोक्ताओं को बिजली बिल से राहत देती है बल्कि उन्हें ऊर्जा उत्पादक बनाती है। अब उपभोक्ता ऊर्जा दाता की भूमिका निभा रहे हैं, जो देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने इस योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार प्रकट किया है।

