PATRIKA24x7

आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत बालोद जिले के सभी 186 गांवों में विलेज वर्कशाप का आयोजन पूर्ण।

लीलाधर साहू

गुण्डरदेही।

अंतिम दिन आज गुरूर विकासखण्ड के ग्राम खैरडीगी में जनजातीय परिवार के लोगों को उनके कल्याण हेतु संचालित योजनाओं की दी गई जानकारी।

विजन एक्शन प्लान तैयार करने की कार्यवाही जारी, 02 अक्टूबर को आयोजित विशेष ग्राम सभा में कराया जाएगा अनुमोदन।

केन्द्र सरकार के महत्वाकांक्षी आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत बालोद जिले के सभी चयनित 186 गांवों में विलेज वर्कशाप का आयोजन आज 29 सितंबर तक पूर्ण कर लिया गया है। आज अंतिम दिन गुरूर विकासखण्ड के ग्राम खैरडीगी में विलेज वर्कशाप के दौरान जनजातीय परिवार के लोगों को उनके कल्याण हेतु संचालित शासन के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई। इस दौरान ग्राम खैरडीगी के लिए नियुक्त वालिंटियरों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों के द्वारा जनजातीय परिवार के लोगों के लिए संचालित स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कौशल विकास, आजीविका संवर्धन, स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा जैसी सेवात्मक गतिविधियों के संबंध में जानकारी दी गई।

उल्लेखनीय है कि आदि सेवा पर्व के दौरान विलेज वर्कशाप का आयोजन पूर्ण होने के पश्चात् जिले के चयनित सभी 186 गांवों के लिए विलेज एक्शन प्लान 2030 की तैयारी की जा रही है। इसके अंतर्गत आज जिले के विभिन्न ग्रामों में वालिंटियरों, आदि सेवकों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों के द्वारा ग्रामीणों से चर्चा कर विलेज एक्शन प्लान 2030 तैयार करने के हेतु योजना बनाई गई। ज्ञातव्य हो कि सभी के सहमति से तैयार की गई इस विलेज एक्शन प्लान को 02 अक्टूबर को आयोजित विशेष ग्राम सभा में अनुमोदन कराया जाएगा।

विदित हो कि विलेज एक्शन प्लान 2030 के तहत प्रत्येक गांव के लिए विकास का दीर्घकालिक रोडमैप बनेगा। 02 अक्टूबर को विशेष ग्राम सभा में इन योजनाओं का अनुमोदन होगा। ग्राम स्तर पर आदि सेवा केन्द्र स्थापित होंगे, जहां शिकायत निवारण और सेवा वितरण की व्यवस्था होगी। साथ ही ग्राम विकास योजना क्रियान्वयन कैलेंडर बनाया जाएगा, जिससे योजनाएं समयबद्ध तरीके से लागू हो सकेंगी।

उल्लेखनीय है कि 17 सितंबर से अलग-अलग तिथियों में जिले के विभिन्न आदिवासी बहुल ग्रामों में आयोजित आदि सेवा पर्व के दौरान बड़ी संख्या में जनजातीय परिवार के लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कर कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की। इस दौरान मौके पर उपस्थित लोगों को साफ-सफाई की विशेष महत्व की जानकारी देते हुए उन्हें स्वच्छता शपथ भी दिलाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!