Skip to main content

PATRIKA24x7

कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने आज धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का किया पड़ताल

धान खरीदी केन्द्र गुण्डरदेही के नोडल अधिकारी एवं सिकोसा के ग्राम पंचायत सचिव कोे निलंबित करने तथा कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के दिए निर्देश

साफ-सुथरे एवं गुणवत्तायुक्त धान की खरीदी सुनिश्चित करने हेतु गेट पर ही धान की जाँच करने के दिए निर्देश

लीलाधर साहू 

बालोद।

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य का जायजा लेने आज सुबह से ही जिले के विभिन्न धान खरीदी केन्द्रों में दबीश दी। इसके अंतर्गत आज उन्होंने गुण्डरदेही विकासखण्ड के पैरी, सिकोसा, रेंगाकठेरा एवं कचांदुर धान खरीदी केन्द्रों में पहुँचकर सभी धान खरीदी केन्द्रों में चल रहे धान खरीदी के कार्य सहित संपूर्ण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी केन्द्र सिकोसा में किसानों के धान खरीदी के उपरांत स्टेक में रखे गए लगभग 2100 बारदानों पर स्टेनसील नही लगाने तथा धान खरीदी केन्द्र सिकोसा में व्यवस्था संतोषप्रद नही पाए जाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। इसके लिए उन्हांेने धान खरीदी केन्द्र सिकोसा के तात्कालीन समिति प्रबंधक एवं वर्तमान ग्राम पंचायत सचिव देवेन्द्र देवांगन को एस्मा के तहत तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने धान खरीदी केन्द्र सिकोसा के नोडल अधिकारी भूमिका सिंगारे एवं निगरानी दल के सदस्य तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी सुनील साहू के अलावा वर्तमान समिति प्रबंधक खेमराज साहू को एस्मा के तहत कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। श्रीमती मिश्रा ने सहकारी समिति सिकोसा के समिति प्रबंधक  खेमराज साहू को स्टेक में रखे गए सभी बारदानों पर स्टेनसील लगाने सहित धान खरीदी केन्द्र के सभी व्यवस्थाओं को कल 26 नवंबर तक दुरूस्त करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने ग्राम रेंगाकठेरा स्थित धान उपार्जन केन्द्र गुण्डरदेही की व्यवस्था संतोषप्रद नही पाए जाने तथा धान खरीदी के उपरांत स्टकिंग किए लगभग 5500 बारदानों में स्टेनशील नही लगाए जाने और खरीदी केन्द्र में रखे गए धान की गुणवत्ता सही नही पाए जाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। इसके लिए उन्होेंने जिम्मेदारी तय करते हुए धान खरीदी केन्द्र गुण्डरदेही के नोडल अधिकारी एवं प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के सहायक अभियंता श्री युगल किशोर साहू को अपने कार्य में लगातार अनुपस्थित रहने तथा घोर लापरवाही बरतने पर एस्मा के तहत निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा उन्होेंने निगरानी दल के सदस्य एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी प्रियंका जांगड़े एवं समिति प्रबंधक श्री आर पी सिन्हा को एस्मा के तहत कारण बताओ नोटिस जारी कर उनके विरूद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने अधिकारी-कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि धान खरीदी के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नही की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सभी धान खरीदी केन्द्रों में केवल साफ-सुथरा एवं गुणवत्तायुक्त धान की खरीदी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके लिए उन्होेंने सभी धान खरीदी केन्द्रों के गेट पर ही किसानों द्वारा लाए जा रहे धान की समुचित जाँच के उपरांत ही धान को खरीदी केन्द्र में अनुमति देने को कहा। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, एसडीएम श्रीमती प्रतिमा ठाकरे झा, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं श्री आरके राठिया सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं कृषकगण उपस्थित थे। 

इस दौरान कलेक्टर श्रीमती मिश्रा एवं अधिकारियों ने धान खरीदी केन्द्रों में पहुँचकर किसानों द्वारा बिक्री हेतु लाए गए धान का सूक्ष्मता से परीक्षण किया। इस मौके पर अधिकारियों द्वारा किसानों द्वारा लाए गए धान का तौलाई के उपरांत नमी मापक यंत्र के माध्यम से धान का आर्द्रता परीक्षण भी किया गया। कलेक्टर ने किसानों को केवल साफ-सुथरा एवं गुणवत्तायुक्त धान को ही बिक्री हेतु खरीदी केन्द्रों में लाने की समझाईश दी। उन्होंने मौके पर उपस्थित निगरानी दल में शामिल अधिकारी-कर्मचारियों को सुबह 08 बजे धान खरीदी केन्द्रों में पहुँचकर संपूर्ण व्यवस्थाओं का समुचित माॅनिटरिंग करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने सभी धान खरीदी केन्द्रों के अंतर्गत शामिल गांवों में कृषकों के एग्रीस्टेक पंजीयन की स्थिति तथा रकबा समर्पण के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों को धान की बिक्री करने वाले कृषकों का अनिवार्य रूप से रकबा समर्पण कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने धान खरीदी केन्द्रों में अब तक जारी किए गए टोकन के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने समिति प्रबंधक एवं कर्मचारियों को केवल आॅनलाईन टोकन ही जारी करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल विशेष परिस्थिति में अति वृद्ध, निरक्षर एवं किसानों के पास स्मार्ट फोन उपलब्ध नही होने पर ही आवश्यकता अनुसार उनका आॅफलाईन टोकन जारी किया जाए। कलेक्टर ने धान की गुणवत्ता बनाए रखने उसकी साफ सफाई कराने तथा गेट पर ही धान की गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!