लीलाधर साहू।
गुण्डरदेही।
संविधान दिवस के अवसर पर, नगर पंचायत गुंडरदेही में एक गरिमापूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने उपस्थित जनसमूह को संविधान की उद्देशिका पढ़कर शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने भारत के संविधान में निहित मूल्यों को बनाए रखने और राष्ट्र निर्माण में एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।
अध्यक्ष जैन ने कहा: “संविधान हमारे राष्ट्र की आत्मा है”*
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने इस अवसर पर अपने उद्बोधन में कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह हमारे राष्ट्र की आत्मा है, जो हमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे महत्वपूर्ण मूल्यों से बांधती है।उन्होंने विशेष रूप से स्व सहायता समूह की महिलाओं और स्वच्छता दीदियों की सराहना करते हुए कहा कि आप सभी राष्ट्र निर्माण में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। आपकी मेहनत और समर्पण से ही हमारा नगर स्वच्छ और बेहतर बन रहा है। संविधान हमें कर्तव्य और अधिकार दोनों की याद दिलाता है। हमें अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और मिलकर एक सशक्त और समृद्ध भारत का निर्माण करना चाहिए।”इस कार्यक्रम में नगर पंचायत के उपाध्यक्ष विजय सोनकर, विशाल साहू, नगर पंचायत के सभी अधिकारी-कर्मचारी, बी.एल.ओ., और ब्लॉक समन्वयक शांडिल्य,स्वच्छता दीदी, स्व सहायता समूह की महिलाएं, स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं, सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।

