परस साहू
गुण्डरदेही।
बालोद के झलमला मुख्य मार्ग स्थित परसदा चौक के पास एक सड़क हादसे में बस और स्कूटी की टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी पर सवार बुजुर्ग दंपति घायल हो गए, जिन्हें आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल संभाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मनीष ट्रेवल्स की बस ने तेज रफ्तार और लापरवाही के बीच स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी अचानक थी कि स्कूटी सवार संतुलन खोकर सड़क पर गिर पड़े।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए 108 एंबुलेंस को सूचना दी। हालांकि एंबुलेंस के पहुंचने में देरी हुई, इसी दौरान एक राहगीर कार चालक ने मानवता दिखाते हुए घायल महिला को अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल हादसे को लेकर लोगों के बीच अलग-अलग राय सामने आ रही है—कुछ लोग बस चालक को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, तो कुछ स्कूटी चालक की चूक बता रहे हैं।
तेज रफ्तार बन रही खतरा इन दिनों शादी-विवाह के चलते सड़कों पर वाहनों की संख्या और रफ्तार दोनों बढ़ गई हैं, जिससे जिले में लगातार सड़क दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं। पुलिस की समझाइश के बावजूद हालात में खास सुधार नहीं दिख रहा।
हाल ही में बालोद-धमतरी मार्ग के पाकुरभाट और बालोद-दुर्ग मार्ग के जमही क्षेत्र में भी सड़क हादसे हो चुके हैं।

