Skip to main content

PATRIKA24x7

मासुल के नलों में पानी की जगह निकल रही सिसकारी,, नल-जल कनेक्शन पर टुल्लू पंप का कब्जा।

परस साहू बालोद 

*पानी की बर्बादी पर लगेगा लगाम, टुल्लू पंप वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: सरपंच*

*गुण्डरदेही।* एक तरफ भीषण गर्मी में लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग नल-जल कनेक्शन में टुल्लू पंप लगाकर पानी का जमकर दुरुपयोग कर रहे हैं। ताजा मामला ग्राम पंचायत कुथरेल के आश्रित ग्राम मासुल का है, जहां टुल्लू पंप के कारण पूरे वार्ड में पेयजल संकट गहरा गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि कई घरों में लोग सीधे नल-जल पाइपलाइन पर टुल्लू पंप लगाकर पानी खींच रहे हैं। इससे वे अपने सेल्टेक्स और ड्रम भर लेते हैं, लेकिन लाइन में प्रेशर खत्म होने से बाकी घरों के नलों से पानी की जगह सिर्फ हवा निकलती है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत हर महीने नल-जल कनेक्शन का टैक्स वसूलती है, लेकिन पर्याप्त पानी नहीं दे पा रही।

पानी की इस चोरी से परेशान होकर ग्रामीणों ने मांग की है कि जिन घरों में टुल्लू पंप लगे हैं, उनके नल-जल कनेक्शन तुरंत काटे जाएं और उन पर कड़ी कार्रवाई हो, ताकि सभी को बराबर पानी मिल सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्राम पंचायत कुथरेल की सरपंच पेमिन दीपक साहू ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा, “जिन घरों में टुल्लू पंप लगा मिला, उन्हें तत्काल नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस के बाद भी अगर पंप नहीं हटाया गया तो मशीन जब्त कर ली जाएगी और उनका नल-जल कनेक्शन स्थायी रूप से काट दिया जाएगा।”

सरपंच ने ग्रामीणों से अपील की है कि पेयजल की हर बूंद कीमती है, उसका दुरुपयोग न करें। अगर आपके आसपास कोई टुल्लू पंप से पानी खींच रहा है तो तुरंत पंचायत को सूचना दें। नल-जल योजना सबके लिए है। टुल्लू पंप लगाना गैर-कानूनी है और इससे पूरी लाइन का प्रेशर खत्म हो जाता है। जिम्मेदार नागरिक बनें, पानी बचाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!