*राहगीरों की आंखों में घुसा भूसा, पैदल चलना हुआ मुश्किल; प्रशासन की अनदेखी से बढ़े हादसे*
*लोकेशन गुण्डरदेही।*
रिपोर्टर लीलाधर साहू
गुण्डरदेही से कांदुल-राजनांदगांव मार्ग पर आज 12 से 1 बजे के बीच एक ओवरलोड भूसा गाड़ी का टायर फटने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। डाला बॉडी से करीब 2 फीट बाहर तक लदे भूसे से भरी गाड़ी का टायर फटते ही सड़क पर भूसा बिखर गया। तेज हवा के कारण 2-3 घंटे तक भूसा उड़ता रहा, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उड़ते भूसे के कारण बाइक सवार और पैदल चलने वाले लोगों की आंखों में लगातार भूसा घुसता रहा। कई मोटर साइकिल चालक संतुलन बिगड़ने से गिरते-गिरते बचे। पैदल चलना तो दूभर हो गया था। आंखों में जलन और दिखना बंद होने से कई राहगीर सड़क किनारे रुकने को मजबूर हुए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि राजनांदगांव, धमतरी और बालोद जिले से होकर रोजाना सैकड़ों ओवरलोड भूसा गाड़ियां गुजरती हैं। ये गाड़ियां क्षमता से कई गुना ज्यादा भूसा लादकर डाला से बाहर तक निकालकर परिवहन करती हैं। ऊपर से तिरपाल भी नहीं बांधा जाता। इसके बावजूद पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती।
राहगीरों ने बताया कि प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। पहले भी कई बार भूसा आंख में जाने से लोगों की आंखों की रोशनी तक प्रभावित हो चुकी है। लोगों ने मांग की है कि ओवरलोड भूसा परिवहन पर तुरंत रोक लगे और नियम तोड़ने वाले वाहन मालिकों पर कड़ी कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।

