Skip to main content

PATRIKA24x7

38 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के बाद शिक्षिका भगवती वैष्णव को भावभीनी विदाई

परस साहू बालोद

शासकीय हाई स्कूल गुदुम में 38 वर्षों की सफल एवं समर्पित शैक्षणिक सेवा पूर्ण करने पर वरिष्ठ शिक्षिका भगवती वैष्णव को विद्यालय परिवार द्वारा भावभीनी एवं ससम्मान विदाई दी गई। समारोह भावनात्मक माहौल में आयोजित हुआ, जहां शिक्षकों, विद्यार्थियों, पालकों और ग्रामीणों ने उनके योगदान को याद करते हुए उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।

अपने लंबे सेवाकाल के दौरान भगवती वैष्णव ने विशेष रूप से डौंडी के आदिवासी एवं वनांचल क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनका सरल, सहज, मृदुभाषी और मिलनसार व्यक्तित्व विद्यार्थियों एवं सहकर्मियों के बीच सदैव प्रेरणा का स्रोत रहा। अपने कर्तव्यों के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण को विद्यालय परिवार ने सराहा।

विदाई समारोह में शासकीय हाई स्कूल गुदुम की प्राचार्य मिश्रा, व्याख्याता कोसमा, आर.बी. तारम, एच. कौशिक, किरण खरे, एल.के. बांदे सहित हाई स्कूल एवं मिडिल स्कूल गुदुम का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

इस अवसर पर भगवती वैष्णव के परिवार से बी.एल. वैष्णव, उनकी सुपुत्रियाँ हर्षा वैष्णव एवं अंजलि वैष्णव, ग्रामीणजन, पालकगण तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी मौजूद रहे।

समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने भगवती वैष्णव के उत्कृष्ट योगदान के लिए उनका सम्मान करते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं सुखद भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। उनके सम्मान में उपस्थित सभी लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उन्हें भावभीनी विदाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!