Skip to main content

PATRIKA24x7

सीएम हेल्पलाइन के लंबित आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करें: कलेक्टर मिश्रा समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश।

परस साहू बालोद

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले के सभी अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से प्राप्त अपने-अपने विभागों से संबंधित आवेदनों का विशेष प्राथमिकता के साथ निर्धारित समयावधि में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर मिश्रा आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक को संबोधित कर रही थीं। बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से विभागवार प्राप्त आवेदनों और उनके निराकरण के लिए की जा रही कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवेदनों के निराकरण के पश्चात संबंधित आवेदकों से दूरभाष पर संपर्क कर संतुष्टि का फीडबैक अवश्य लिया जाए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, अजय किशोर लकरा एवं नूतन कंवर सहित विभिन्न राजस्व अनुविभागीय अधिकारी और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन 1076 छत्तीसगढ़ शासन की एक अत्यंत महत्वपूर्ण नागरिक-केंद्रित शिकायत निवारण प्रणाली है, जो नागरिकों को सरल और पारदर्शी तरीके से अपनी शिकायतें दर्ज कराने और उनका समयबद्ध समाधान प्राप्त करने का अवसर देती है। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि एल-1 स्तर पर ही प्राप्त शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करते हुए उचित फीडबैक दर्ज किया जाए। बैठक में मिश्रा ने शासन के निर्देशानुसार राजस्व विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारियों का आई-गोट कर्मयोगी पोर्टल में प्रत्येक माह प्रशिक्षण के कार्य की समीक्षा की।

उन्होंने सभी अधिकारियों को शासन के निर्देशानुसार स्वयं तथा अपने अधीनस्थ सभी अधिकारी-कर्मचारियों का प्रतिमाह न्यूनतम 01 घण्टे आई-गोट कर्मयोगी प्रशिक्षण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा मिश्रा ने अधिकारियों को युवा आयोग के वेबपोर्टल में ’युवा उड़ान 2026’ में शामिल होने के लिए स्कूल एवं कालेज के छात्र-छात्राओं को अधिक से अधिक पंजीयन कराने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!