परस साहू बालोद
हिंदी के राजकीय एवं कार्यालयीन कार्यों में प्रभावी उपयोग के लिए मिली ‘प्रशंसनीय श्रेणी’ में उपलब्धि
कलेक्टर मिश्रा ने समिति के पदाधिकारियों को दी बधाई और शुभकामनाएं।
भारत सरकार, गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित हिंदी दिवस 2026 एवं छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बालोद को वर्ष 2025-26 के लिए अखिल भारतीय स्तर पर ‘नराकास प्रोत्साहन सम्मान’ की प्रशंसनीय श्रेणी में पुरस्कार प्राप्त हुआ है। यह सम्मान बालोद जिले में राजभाषा हिंदी के प्रभावी उपयोग और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी को बढ़ावा देने के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण पहचान है।
यह कार्यक्रम 14 एवं 15 सितंबर 2026 को सिडको प्रदर्शनी केंद्र, नवी मुंबई में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बालोद की ओर से समिति अध्यक्ष एवं अग्रणी जिला प्रबंधक, बालोद आदर्श बेले तथा सदस्य सचिव ने सम्मान प्राप्त किया।
हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के प्रयासों को मिली पहचान
नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति द्वारा शासकीय एवं कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग, हिंदी में कार्य करने के लिए प्रोत्साहन तथा राजभाषा संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रयास किए जाते हैं। इन्हीं प्रयासों के परिणामस्वरूप समिति को अखिल भारतीय स्तर पर यह सम्मान प्राप्त हुआ है।
कलेक्टर मिश्रा ने दी बधाई
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बालोद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को इस उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिले के लिए यह गौरव का विषय है। उन्होंने राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक उपयोग और इसके माध्यम से शासकीय कार्यों को सरल एवं प्रभावी बनाने के प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाने की शुभकामनाएं दीं।
