Skip to main content

PATRIKA24x7

सेवा संकल्प अभियान में जनभागीदारी से बनेगा ‘सेवा का महापर्व’ कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने की जिलेवासियों से सेवा कार्यों में सहभागिता की अपील।

परस साहू बालोद

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बालोद जिले में ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के साथ विभिन्न सेवा गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों, युवाओं और विद्यार्थियों को जनसेवा के कार्यों से जोड़ने के लिए लगातार गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है।

छोटी पहल से जरूरतमंदों के चेहरे पर आएगी मुस्कान

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलेवासी अपनी क्षमता और इच्छानुसार देहदान-अंगदान के लिए संकल्प, पुस्तक एवं कॉपी दान, स्टेशनरी दान, वस्त्र दान, खिलौना दान, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सहायता जैसे सेवा कार्यों में योगदान दे सकते हैं। जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा, पोषण और बेहतर भविष्य के लिए सहयोग करने का संदेश भी दिया जा रहा है।

‘सेवा मेरा योगदान’ से बढ़ेगी जनभागीदारी

अभियान का उद्देश्य केवल दान तक सीमित न रहकर समाज में सेवा, सहयोग और संवेदना की भावना को मजबूत करना है। सेवा गतिविधियों में स्व-सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों, युवा संगठनों, एनसीसी, एनएसएस, स्वयंसेवकों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

सेवा सेतु के माध्यम से योजनाओं का लाभ भी

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ दिलाने पर भी जोर दिया जा रहा है। लंबित आवेदनों एवं प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी सामर्थ्य के अनुसार किसी न किसी सेवा कार्य से जुड़ें और सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाने में सहयोग करें। छोटे-छोटे सेवा कार्य किसी जरूरतमंद के जीवन में बड़ी खुशी ला सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!