Skip to main content

PATRIKA24x7

# BIG BREAKING NEWS सुबह 4 बजे मौत बनकर दौड़ा अज्ञात ट्रक, बुजुर्ग को कुचलकर फरार!

परस साहु बालोद

*गुंडरदेही-अर्जुंदा मार्ग पर 55 वर्षीय मन्नू निषाद की दर्दनाक मौत, ओवरटेक के दौरान हादसे की आशंका; सड़क पर दौड़ते भारी वाहन और बेतरतीब पार्किंग पर कौन लगाएगा लगाम?*

गुंडरदेही। नगर के बघमरा में शनिवार सुबह करीब 4 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बघमरा निवासी 55 वर्षीय मन्नू निषाद रोजमर्रा की तरह अपने घर से अर्जुंदा चौक स्थित दुकान जाने निकले थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। गुंडरदेही-अर्जुंदा मार्ग पर कादिर हार्डवेयर के सामने एक अज्ञात ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि मन्नू निषाद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सुबह-सुबह हुई इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है।

ओवरटेक की होड़ या लापरवाही की कीमत?

मिली जानकारी के अनुसार, मन्नू निषाद सड़क किनारे अपनी तरफ पैदल जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात ट्रक के ओवरटेक करने के दौरान हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी। सूचना मिलते ही गुंडरदेही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को मरचुरी पहुंचाया। पुलिस अब अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।

सुबह होते ही सड़कों पर भारी वाहनों का दबदबा, आम आदमी की सुरक्षा किसके भरोसे?

गुंडरदेही-अर्जुंदा मार्ग पर सुबह-सुबह सैकड़ों की संख्या में हाइवा और अन्य भारी वाहनों की आवाजाही होती है। स्थानीय स्तर पर इन वाहनों की तेज रफ्तार, लापरवाही से चलाने और कुछ वाहनों में पर्याप्त रोशनी नहीं होने को लेकर सवाल उठते रहे हैं। सुबह के अंधेरे में सड़क किनारे पैदल चलने वाले लोगों के लिए ऐसे हालात जानलेवा साबित हो सकते हैं।

सवाल यह भी है कि जब इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही इतनी अधिक है, तो उनकी गति, लाइट और यातायात नियमों की नियमित जांच कितनी गंभीरता से की जा रही है? यदि नियमों का पालन नहीं हो रहा है, तो जिम्मेदार विभाग कार्रवाई का इंतजार क्यों कर रहे हैं?

सड़क किनारे खड़े वाहन भी बन रहे मुसीबत, कार्रवाई का इंतजार

बघमरा क्षेत्र में सड़क किनारे भारी वाहन खड़े किए जाने की समस्या भी चिंता का विषय है। सड़क किनारे खड़े वाहन दृश्यता और यातायात को प्रभावित कर सकते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग पर नियंत्रण की जिम्मेदारी किसकी है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कब कार्रवाई होगी?

एक मौत के बाद ही जागेगा प्रशासन?

मन्नू निषाद की मौत केवल एक सड़क हादसा नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा व्यवस्था की गंभीरता पर सवाल उठाने वाली घटना है। हालांकि, हादसे में किसकी गलती थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा, लेकिन इस घटना ने भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा की निगरानी को लेकर चिंता जरूर बढ़ा दी है।

अब जरूरत केवल हादसे की जांच तक सीमित रहने की नहीं, बल्कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की गति की निगरानी, वाहनों की लाइट की जांच, अवैध पार्किंग पर कार्रवाई और सुबह के समय यातायात व्यवस्था मजबूत करने की है। सवाल साफ है—क्या जिम्मेदार विभाग किसी और हादसे का इंतजार कर रहे हैं, या मन्नू निषाद की मौत के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जाएंगे?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!