Skip to main content

PATRIKA24x7

सीएम हेल्पलाइन 1076’ बनी तेंदूपत्ता श्रमिकों का सहारा, 10 दिनों में दूर हुई पांच माह पुरानी समस्या।

परस साहु बालोद

धुरूवाटोला के श्रमिकों के बैंक खातों से हटा होल्ड, दीपावली से पहले मिला लंबित पारिश्रमिक

’सीएम हेल्पलाइन’ की सतत मॉनिटरिंग और बालोद पुलिस के त्वरित समन्वय से साइबर सेल पटना ने किया खातों का निराकरण

आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी निराकरण करने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा संचालित ’सीएम हेल्पलाइन 1076’ जरूरतमंद लोगों के लिए मददगार साबित हो रही है। इसका एक उदाहरण जिले के ग्राम पंचायत धुरूवाटोला में देखने को मिला, जहां तेंदूपत्ता संग्राहक श्रमिकों के बैंक खातों पर लगा होल्ड महज 10 दिनों में ही हटा दिया गया। इससे श्रमिकों को पांच माह से अटकी उनकी अपनी पारिश्रमिक राशि निकालने का रास्ता मिल गया।

पांच माह से परेशान थे श्रमिक परिवार

ग्राम पंचायत धुरूवाटोला के तेंदूपत्ता संग्राहक श्रमिकों के बैंक खातों में शासन द्वारा पारिश्रमिक की राशि अंतरित कर दी गई थी, लेकिन तकनीकी कारणों से साइबर सेल पटना द्वारा उनके खातों को होल्ड कर दिया गया था। इस कारण श्रमिक अपने ही खातों में जमा राशि का उपयोग नहीं कर पा रहे थे। पांच माह तक समस्या का समाधान नहीं होने से श्रमिक परिवार परेशान थे। दीपावली का त्योहार नजदीक आने पर उन्होंने अपनी समस्या के निराकरण के लिए ’सीएम हेल्पलाइन’ में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत पर त्वरित कार्रवाई, 10 दिनों में हुआ समाधान

’सीएम हेल्पलाइन’ में शिकायत दर्ज होते ही संबंधित अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। प्रकरण के शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। ’सीएम हेल्पलाइन’ की नियमित मॉनिटरिंग और फॉलोअप के साथ जिला साइबर सेल एवं प्रशासनिक अमले ने साइबर सेल पटना से संपर्क कर तकनीकी समन्वय स्थापित किया।

लगातार प्रयासों और आपसी समन्वय का सकारात्मक परिणाम सामने आया। पांच माह से लंबित समस्या का निराकरण महज 10 दिनों में ही कर दिया गया। श्रमिकों के बैंक खातों से होल्ड हटाया गया और वे अपनी पारिश्रमिक राशि निकालने में सक्षम हुए।

दीपावली से पहले मिली राहत, श्रमिक परिवारों में खुशी

लंबे इंतजार के बाद पारिश्रमिक की राशि मिलने से ग्राम पंचायत धुरूवाटोला के तेंदूपत्ता संग्राहक श्रमिकों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। त्योहार से पहले मिली इस राहत से उन्हें घरेलू जरूरतों और दीपावली पर्व की तैयारियों में मदद मिली।

श्रमिकों ने कहा कि ’सीएम हेल्पलाइन’ में शिकायत दर्ज कराने के बाद उनकी समस्या पर तेजी से कार्रवाई हुई। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ’सीएम हेल्पलाइन’ के माध्यम से उनकी पांच माह पुरानी समस्या का समाधान संभव हो सका।

यह सफलता की कहानी दर्शाती है कि ’सीएम हेल्पलाइन’ केवल शिकायत दर्ज कराने का माध्यम नहीं, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच भी है। नियमित मॉनिटरिंग, विभागीय समन्वय और त्वरित कार्रवाई से शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में सार्थक परिणाम मिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!