Skip to main content

PATRIKA24x7

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने ली राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक।

परस साहु बालोद

‘अर्नब’ तूफान से फसल व पशुधन क्षति का त्वरित आंकलन कर राहत राशि वितरण के दिए निर्देश।

आगामी धान खरीदी हेतु बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता तथा डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्यों की हुई विस्तृत समीक्षा।

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में राजस्व विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर मिश्रा ने राजस्व अमले के मैदानी कार्यों, विभिन्न जनकल्याणकारी नियमों के तहत किए जा रहे सर्वेक्षणों, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की पूर्व तैयारियों तथा हाल ही में आए चक्रवाती तूफान से हुए नुकसान के आंकलन की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर कार्य निष्पादन के कड़े निर्देश दिए।

आवासहीन व्यक्तियों के सर्वेक्षण एवं सर्वेयर मानदेय भुगतान के निर्देश

कलेक्टर मिश्रा ने बैठक में नगरीय क्षेत्रों के आवासहीन व्यक्ति को पट्टाधृति अधिकार नियम 2023 के अंतर्गत जिले के सभी नगरीय निकायों में चल रहे सर्वेक्षण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र हितग्राही छूटने न पाए, इसके लिए निकायवार तेजी से और पूरी पारदर्शिता के साथ सर्वेक्षण कार्य पूर्ण किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने फील्ड स्तर पर सर्वे कार्य कर रहे सर्वेयरों के मानदेय भुगतान की जानकारी ली और उनके मानदेय का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं ग्राम सभाओं के माध्यम से प्रमाणीकरण

कलेक्टर मिश्रा ने कृषि एवं राजस्व विभाग के समन्वय से चल रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे की समीक्षा करते हुए डीसीएस मोबाइल एप के माध्यम से खेतों के पॉलीगॉन सर्वेक्षण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गिरदावरी व फसल रकबे के त्रुटिरहित निर्धारण के लिए यह अत्यंत महत्वपूर्ण है। कलेक्टर ने डीसीएस सर्वेक्षण के उपरांत ग्राम सभाओं का अनिवार्य आयोजन कर किसानों के समक्ष गिरदावरी व रकबा संबंधी विवरण का वाचन एवं प्रमाणीकरण कराने के निर्देश दिए, जिससे आगामी धान उपार्जन में किसी भी प्रकार की विसंगति न रहे। कलेक्टर मिश्रा ने ग्राम सभाओं में आ रही आपत्तियों के संबंध में जानकारी लेते हुए उनके निराकरण की बात कही। साथ ही साथ उन्होंने डीसीएस सर्वेयर के अविलंब भुगतान करने के निर्देश दिए।

‘अर्नब’ तूफान से फसल व पशुहानि की समीक्षा

हाल ही में सक्रिय हुए चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के कारण जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हुई बेमौसम बारिश और तेज हवाओं से फसलों तथा पशुधन को पहुंचे नुकसान की कलेक्टर ने समीक्षा की। उन्होंने राजस्व एवं कृषि विभाग के मैदानी अमले को संयुक्त रूप से प्रत्येक प्रभावित गांव में मुआयना कर फसल क्षति तथा मवेशियों की हानि की वास्तविक रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आरबीसी 6-4 एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रावधानों के अनुरूप प्रभावित कृषकों व पशुपालकों को शीघ्रता से राहत एवं मुआवजा राशि प्रदान की जाए।

धान खरीदी हेतु बारदानों की पर्याप्त व्यवस्था के निर्देश

आगामी 15 नवम्बर से प्रारंभ हो रही समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की पूर्व तैयारियों का जायजा लेते हुए कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों में बारदानों की अद्यतन उपलब्धता की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों एवं धान उपार्जन केंद्रों में नए एवं पुराने बारदानों का पर्याप्त अग्रिम भंडारण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही मिलर्स एवं पीडीएस दुकानों से बारदानों की समय पर वापसी और संग्रहण के लिए सतत मॉनिटरिंग करने को कहा गया ताकि खरीदी प्रारंभ होने पर किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

समीक्षा बैठक में अपर कलेक्टर सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, गिरधारी लाल यादव एवं हरिवंश सिंह मिरी, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खाद्य अधिकारी एवं राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!