परस साहु बालोद
*गुण्डरदेही।* सुशासन में विकास के दावे के बीच नगर पंचायत गुण्डरदेही के वार्ड नंबर 5 में साफ-सफाई की बदहाली सामने आई है। गैर जिम्मेदार अधिकारी और वार्ड पार्षद विजय सोनकर के चलते आंगनबाड़ी और सामुदायिक शौचालय के पास गंदगी और बदबू से वार्डवासी परेशान हैं।
वार्ड नंबर 5 के पार्षद वर्तमान में नगर पंचायत के उपाध्यक्ष भी हैं, लेकिन उन्हीं के वार्ड में हालात सबसे बदतर हैं। आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 1 के सामने भारी मात्रा में कूड़ा-कचरा पड़ा हुआ है। वहीं सामुदायिक शौचालय जाने वाले रास्ते में नाली टूट जाने से करीब 1 फीट तक कीचड़ और दलदल बन गया है। गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे बदबू के साथ बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है।
*क्या कहते हैं वार्डवासी:*
*शिव शंकर सोनकर* ने कहा – पार्षद को बोलते-बोलते थक गए, लेकिन सफाई पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता। कई सालों से नाली टूटी पड़ी है।
*शंभु सोनकर* ने कहा – यहां अधिकारी कभी निरीक्षण करने नहीं आते। सफाई नहीं होती। छोटे-छोटे बच्चे आंगनबाड़ी आते हैं जो बदबू से परेशान रहते हैं। शौचालय जाने वाले सीसी रोड पर नाली का गंदा पानी फैला है, कई महीनों से सफाई नहीं हुई।
*धर्म सोनकर* ने कहा – अधिकारी और जनप्रतिनिधि दोनों ध्यान नहीं दे रहे, इसलिए हम वार्डवासी बहुत परेशान हैं। साफ-सफाई होनी चाहिए।
इस मामले में जब नगर पंचायत सीएमओ से संपर्क किया गया तो उन्होंने पल्ला झाड़ते हुए कहा कि वार्ड नंबर 5 कहां है दिखाओ, नियमित सफाई होती है।
*मुख्य कार्यपालन अधिकारी कोमल ठाकुर* ने कहा – साफ-सफाई तो नियमित होती है, लेकिन जहां कचरा है उसे साफ करवाएंगे।
