Skip to main content

PATRIKA24x7

ग्राम दुपचेरा में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रारंभ करने हेतु राज्यपाल से की सौजन्य भेंट।

परस साहू बालोद

** भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, छत्तीसगढ़ के चेयरमैन एवं जिला पंचायत बालोद के उपाध्यक्ष तोमन साहू के मार्गदर्शन एवं पहल पर ग्राम दुपचेरा, विकासखंड गुरुर, जिला बालोद में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रारंभ किए जाने की मांग को लेकर महामहिम राज्यपाल रमेन डेका से राजभवन में सौजन्य मुलाकात कर निवेदन किया गया।

इस अवसर पर ग्राम दुपचेरा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता और आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रारंभ करने के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल को अवगत कराया कि इस पहल से क्षेत्र के ग्रामीणों, विशेषकर जरूरतमंदों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

इस पुनीत कार्य के लिए ग्राम के प्रमुख संत सुखराम साहेब, भवन दानदाता एवं कबीर आश्रम दुपचेरा के संचालक संत दिनेन्द्र साहेब जी सहित ग्राम के गणमान्य नागरिकों एवं ग्रामीण प्रतिनिधियों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

इस अवसर पर पूर्व शिक्षा अधिकारी डी.आर. गजेंद्र, ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष मनसुख लाल पंचांगम, नीलेश्वर साहू, सुकृत राम साहू, चिंताराम साहू सहित अन्य ग्रामीण प्रमुख उपस्थित रहे।

तोमन साहू ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। ग्राम दुपचेरा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रारंभ होने से आसपास के गांवों के लोगों को भी लाभ मिलेगा तथा उन्हें सामान्य उपचार के लिए दूरस्थ स्वास्थ्य केंद्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

उन्होंने इस जनहितकारी पहल में सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए महामहिम राज्यपाल जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि इस दिशा में सकारात्मक पहल होगी।

** कार्यालय तोमन साहू**
चेयरमैन, भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, छत्तीसगढ़
उपाध्यक्ष, जिला पंचायत बालोद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!