Skip to main content

PATRIKA24x7

पारिवारिक विवाद में बुजुर्ग की हत्या करने वाले आरोपी को महामाया पुलिस ने चंद घंटों में किया गिरफ्तार

परस साहू बालोद

पारिवारिक वाद-विवाद के दौरान आरोपी ने अपने मामा ससुर के सिर पर कुल्हाड़ी (टंगिया) से किया था जानलेवा हमला।

गंभीर चोट लगने से उपचार के दौरान बुजुर्ग की हुई मृत्यु।

घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी (टंगिया) पुलिस ने किया जप्त।

आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जिला जेल बालोद भेजा गया।

मामले का विस्तृत विवरण

मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 07.11.2026 को प्रार्थी सूरज मंडावी, पिता बंशुराम मंडावी, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम आड़ेझर, थाना महामाया, जिला बालोद द्वारा थाना महामाया में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 07.11.2026 की रात्रि को ग्राम आड़ेझर निवासी आरोपी सुखुराम मंडावी, पिता मंगतू मंडावी, उम्र 45 वर्ष, अपनी पत्नी पवन बाई मंडावी के साथ पारिवारिक बातों को लेकर वाद-विवाद एवं लड़ाई-झगड़ा कर रहा था।

इसी दौरान घर में हो रहे विवाद एवं शोरगुल को सुनकर आरोपी का मामा ससुर रतिराम नेताम, पिता स्वर्गीय मोहन नेताम, उम्र 65 वर्ष, मौके पर पहुंचे और दोनों को समझाइश देते हुए लड़ाई-झगड़ा करने से मना किया। उन्होंने समझाते हुए कहा कि तुम लोग आए दिन पारिवारिक बातों को लेकर विवाद करते रहते हो, यह उचित नहीं है।

इस बात से आरोपी सुखुराम मंडावी अचानक आवेश में आ गया और आक्रोशित होकर मृतक रतिराम नेताम से विवाद करने लगा। आरोपी ने गुस्से में आकर कहा कि तुम मुझे रोकने-टोकने वाले कौन होते हो, आज तुम्हें जान से खत्म कर दूंगा। ऐसा कहते हुए आरोपी ने हत्या करने की नीयत से अपने घर में रखी कुल्हाड़ी (टंगिया) से रतिराम नेताम के सिर पर वार कर दिया।

कुल्हाड़ी से किए गए हमले के कारण रतिराम नेताम के सिर में गंभीर चोट आई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। परिजनों एवं आसपास के लोगों द्वारा तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से उन्हें उपचार हेतु शासकीय अस्पताल डौण्डी ले जाया गया, जहां चिकित्सक द्वारा परीक्षण किए जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

घटना की रिपोर्ट पर थाना महामाया में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

मामले की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बालोद किरण चौहान एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन तथा सीएसपी राजहरा विकास पाटले के मार्गदर्शन में थाना महामाया पुलिस द्वारा तत्काल पुलिस टीम गठित कर आरोपी की पतासाजी प्रारंभ की गई।

पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही आरोपी सुखुराम मंडावी को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा पारिवारिक विवाद के चलते रतिराम नेताम पर कुल्हाड़ी (टंगिया) से हमला कर हत्या करना स्वीकार किया गया।

पुलिस द्वारा आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी (टंगिया) जप्त की गई। पर्याप्त साक्ष्य संकलित कर आरोपी सुखुराम मंडावी को विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमाण्ड पर जिला जेल बालोद भेजा गया।

महामाया पुलिस की अपील

बालोद पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि पारिवारिक एवं आपसी विवादों को आपसी बातचीत और समझाइश से शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाएं। आवेश एवं क्रोध में आकर उठाया गया हिंसक कदम किसी भी परिवार को अपूरणीय क्षति पहुंचा सकता है। विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय पुलिस की सहायता लें।

थाना महामाया, जिला बालोद (छत्तीसगढ़)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!