लीलाधर साहू
गुण्डरदेही।
महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत 50 जोड़े वर वधु का सामूहिक विवाह कराया गया। कार्यक्रम नगर के शासकीय प्राथमिक शाला मैदान में सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में जिला भाजपा अध्यक्ष चेमन देशमुख, शामिल हुए। अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने की। विशेष अतिथि के रूप में जनपद अध्यक्ष पुरुषोत्तम चंद्राकर, नगर पंचायत उपाध्यक्ष विजय सोनकर, जिला भाजपा उपाध्यक्ष नरेश यदु, गुण्डरदेही मंडल अध्यक्ष युवराज मारकंडे, अर्जुन्दा मंडल अध्यक्ष जीतू विश्वास गुप्ता, भाजपा नेता ठाकुर राम चंद्राकर, मंडल महामंत्री सौरभ चोपड़ा, पार्षद हेमंत सोनकर, लोकेश्वरी शंकर यादव, पार्षद पूजा बिन्झेकर, संतोष नेताम, शैल महोबिया, रोमलाल यादव समस्त जनपद सदस्य व पार्षद उपस्थित रहे।
जिला भाजपा अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने आगे कहा कि जब किसी घर में बेटी जन्म लेती है तो मां बाप को उसकी विवाह की चिंता सताने लगती है। सामाजिक कुरीतियों के चलते बेटी की विवाह करने के लिए माता-पिता अपनी जीवन भर की पूंजी लगा देते हैं। और कर्ज से परेशान रहते हैं। सरकार ने इस से माता पिता की चिंता दूर करने का काम किया है। यह योजना गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने कहा कि केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार बेहतर कार्य कर रहे हैं। महंगाई के इस दौर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का आयोजन वर वधु को विवाह के परिणय बंधन में बांध रहे हैं। इसके साथ ही प्रत्येक जोड़े को 50 हजार रुपए की सहयोग राशि दे रहे है। जिसमें से पंद्रह हजार रुपए विवाह में खर्च होंगे और 35 हजार रुपए सोमवार को उनके खाते में पहुंच जाएंगे। उन्होंने आगे कहा इस योजना से गरीब परिवारों को काफी लाभ मिल रहा है। इसके लिए मैं प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को धन्यवाद देना चाहता हूं और आगामी वर्षों में हम अधिक से अधिक वर वधु को इस योजना लाभ दिलाएंगे।
परियोजना गुण्डरदेही द्वारा सभी वर वधु को प्रमाण पत्र एवं योजना के तहत मिलने वाले चेक का वितरण किया गया।कार्यक्रम के अंत में जिला परियोजना अधिकारी एवं कार्यक्रम अधिकारी किशन टंडन क्रान्ति ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व प्रतिमा ठाकरे, गुंडरदेही परियोजना अधिकारी खलेश्वरी नेताम, एडीओ जांगड़े, सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।