गुण्डरदेही।
शासकीय शहीद कौशल यादव महाविद्यालय, गुण्डरदेही, के भूगोल विभाग द्वारा कार्यपरिषद का गठन किया गया। इस अवसर पर एक विभागीय व्याख्यान का आयोजन भी किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में जी.एन.खरे, सहायक प्राध्यापक, शासकीय घनश्याम सिंह गुप्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बालोद उपस्थित रहे। उन्होंने “पर्यावरण एवं संपोषित विकास” विषय पर विद्यार्थियों को उद्बोधित किया और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चंदना बोस ने की तथा भूगोल विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. तृप्ति राजपूत ने विभागीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर भूगोल विभाग के नवगठित कार्यपरिषद की घोषणा की गई, जिसके पदाधिकारी इस प्रकार हैं अध्यक्ष कुसुमलता ठाकुर, एम.ए. तृतीय सेमेस्टर (भूगोल), उपाध्यक्ष नूतन साहू, एम.ए. प्रथम सेमेस्टर (भूगोल), सचिव ललिमा साहू, एम.ए. तृतीय सेमेस्टर (भूगोल) सह सचिव तिलक राम, एम.ए. प्रथम सेमेस्टर (भूगोल)। महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा नवगठित कार्यपरिषद को शपथ दिलाई गई तथा नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ प्रदान की गई।
यह आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा विभागीय गतिविधियों को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यपरिषद गठन से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक कौशल का विकास होगा।

