PATRIKA24x7

54 करोड़ की लागत से गुण्डरदेही में बनेगा भव्य फ्लाई ओवर, दिसंबर में करेंगे सीएम साय और डिप्टी सीएम साव भूमिपूजन।

लीलाधर साहू

गुण्डरदेही।

नगर पंचायत गुण्डरदेही को जल्द ही एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। 54 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से नगर में एक अत्याधुनिक फ्लाई ओवर (ओवर ब्रिज) का निर्माण प्रस्तावित है, जो यातायात को सुगम बनाने और नगर के विकास को नई गति देने का काम करेगा।
आज दिनांक – 30.09.2028 को इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण टीम में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन, पार्षद सलीम खान, सब इंजीनियर रूपेश सिंह राठिया और देशमुख, राजस्व निरीक्षक उमेश ठाकुर, सेतु विभाग के अधिकारी/कर्मचारी/इंजीनियर, पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी/कर्मचारी/इंजीनियर, और नगर पंचायत के कर्मचारी शामिल थे।

*परियोजना का विस्तार और कार्ययोजना*
प्रस्तावित ओवर ब्रिज शनि मंदिर के पास ज्योति कलश से शुरू होकर मार्केट, पानी टंकी, पौनी पसारी दुकान होते हुए रेलवे क्रॉसिंग को पार कर चैनगंज के तालाब के पास पीडब्ल्यूडी के ऑफिस तक बनेगा। यह फ्लाई ओवर गुण्डरदेही के मुख्य बाजार और रेलवे क्रॉसिंग क्षेत्र में लगने वाले जाम से निजात दिलाने में सहायक होगा।

*अतिक्रमण हटाने की तैयारी शुरू*
फ्लाई ओवर के निर्माण से प्रभावित होने वाले लोगों, जिनमें मुख्य रूप से गुमटी धारक, दुकानदार और अन्य लोग शामिल हैं, उन्हें नोटिस जारी कर दिया गया है। निरीक्षण के दौरान ही स्थल को भी चिन्हित किया गया।

नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने स्पष्ट किया, “संबंधितों को नोटिस दिया गया है कि वे तत्काल प्रभाव से अपनी जगह खाली करें ताकि निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू किया जा सके।” उन्होंने कहा कि यह विकास कार्य नगर के हित में है और सभी के सहयोग से ही इसे समय पर पूरा किया जा सकेगा।

*दिसंबर में होगा भूमिपूजन, टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में* अध्यक्ष जैन ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी फ्लाई ओवर का भूमि पूजन दिसंबर माह में छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा। फ्लाई ओवर के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और टेंडर जमा करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर निर्धारित की गई है। इसके बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने कहा कि “यह फ्लाई ओवर गुण्डरदेही के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। इससे न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि नगर की व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। हम क्षेत्रवासियों से अपील करते हैं कि वे इस विकास कार्य में पूरा सहयोग दें।”

यह फ्लाई ओवर गुण्डरदेही के नागरिकों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा और नगर की पहचान को और मजबूत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!