परस साहू बालोद
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद दल्ली राजहरा में सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के अंतर्गत सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष तोरन लाल साहू के मार्गदर्शन एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी सीमा बख्शी के निर्देशन में खाद्य आपूर्ति विभाग के तत्वावधान में आयोजित शिविर में आम नागरिकों को राशन कार्ड से संबंधित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
राशन कार्ड संबंधी आवेदनों का किया गया निराकरण
शिविर में नया राशन कार्ड बनाने के लिए 3 आवेदन, राशन कार्ड में नाम जोड़ने के लिए 9 आवेदन, ई-केवाईसी के लिए 7 आवेदन तथा नाम काटने के लिए 01 आवेदन प्राप्त हुआ। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा नागरिकों को आवश्यक जानकारी प्रदान की गई तथा संबंधित आवेदनों की प्रक्रिया पूरी की गई।
स्वच्छता के प्रति नागरिकों को किया गया जागरूक
शिविर के दौरान आम नागरिकों को स्वच्छता के महत्व को बताते हुए घर एवं आसपास निकलने वाले कचरे को अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित किया गया। नागरिकों से कचरा स्वच्छता दीदियों को देने तथा गीला, सूखा सहित चार प्रकार के कचरे के लिए निर्धारित डस्टबिन का उपयोग करने की अपील की गई। स्वच्छता ही सेवा अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए नागरिकों से स्वच्छ और सुंदर नगर बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम में पार्षद विशाल मोटवानी एवं भूपेंद्र श्रीवास, खाद्य निरीक्षक कल्याणी मरकाम, स्वास्थ्य अधिकारी रामगोपाल चंद्राकर, निकाय के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
