परस साहू बालोद
*गुंडरदेही।* बालोद जिले की नगर पंचायत गुंडरदेही के अधिकारी-कर्मचारियों की कार्यशैली पर अब खुद नगर पंचायत के उपाध्यक्ष ने सवाल खड़े कर दिए हैं।
नगर पंचायत उपाध्यक्ष विजय सोनकर ने मीडिया से खुलकर बात करते हुए कहा कि नगर पंचायत के कर्मचारी आम जनता की समस्याएं सुनने के लिए नियुक्त हैं, लेकिन सेवा संकल्प पखवाड़ा की आड़ में सभी कर्मचारियों की ड्यूटी सामुदायिक भवन में लगा दी गई है। जिसके कारण आय, जाति, निवास, जन्म प्रमाण पत्र, टैक्स, राशन कार्ड जैसे जरूरी कामों के लिए यदि कोई आम नागरिक नगर पंचायत कार्यालय पहुंचता है तो उसे खाली हाथ वापस लौटना पड़ रहा है।
उपाध्यक्ष विजय सोनकर ने नगर पंचायत की नियुक्तियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक छोटे से नगर पंचायत में चार-चार चौकीदार के पद पर कर्मचारी नियुक्त हैं, वहीं कई कंप्यूटर ऑपरेटर भी रखे गए हैं। यह जनता के टैक्स के पैसे का खुला दुरुपयोग है। भाजपा के सुशासन में भी नगर में गैर जिम्मेदार प्रशासन चल रहा है, जिससे वे काफी नाराज हैं।
उन्होंने बताया कि यदि नगर के अंधेरे स्थानों पर लाइट लगाने की बात कही जाती है तो सीएमओ द्वारा कह दिया जाता है कि अभी नगर पंचायत में पैसा नहीं है।
विजय सोनकर ने कहा कि उन्होंने पूर्व में फालतू कर्मचारियों को हटाने को लेकर लिखित शिकायत भी की थी, लेकिन अब तक उस पर कोई पहल नहीं की गई है। अगर जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो वे इस पूरे मामले की शिकायत कलेक्टर से करेंगे।
